राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ शहर में देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्म हाउस में चल रही हुक्का पार्टी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 6 युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के एक फार्म हाउस में देर रात संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं और युवक हुक्का पार्टी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई युवकों को हुक्का पीते हुए पकड़ा। मौके से हुक्का और उससे जुड़ा अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार युवकों की पहचान विशाल यादव, बाबू विश्वकर्मा, भूपेंद्र नायक, रोहन यादव, दक्ष ठाकुर और तारन निषाद के रूप में हुई है। सभी आरोपी डोंगरगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ COTPA एक्ट के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में देर रात होने वाली अड्डेबाजी, नशाखोरी और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


