रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा स्थित दुर्गा मंदिर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बेटे की मौत के गहरे सदमे में डूबे एक पिता ने मंदिर परिसर के बाहर अपनी जीभ काट ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, एफसीआई गोदाम के पास रहने वाले सनत कुमार खांडे के 8 वर्षीय बेटे रितेश कुमार खांडे की एक दिन पहले तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। बेटे की असमय मौत के बाद से पिता मानसिक रूप से बेहद परेशान बताया जा रहा था।
🥺 सदमे में उठाया खौफनाक कदम
बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के करीब 3 बजे सनत कुमार घरघोड़ा के प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर पहुंचा। इसी दौरान उसने कथित तौर पर आस्था और मानसिक तनाव के बीच अपनी जीभ काट ली।
जीभ कटने के कारण अत्यधिक खून बहने लगा और वह मंदिर परिसर में ही बेहोश होकर गिर पड़ा। मंदिर में मौजूद लोगों ने तुरंत उसकी मदद की और पुलिस को सूचना दी।
🚑 अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


