नई दिल्ली। व्हाट्सएप (WhatsApp) ने यूजर्स की सुविधा को और बेहतर बनाते हुए नया ‘मल्टी-अकाउंट’ फीचर लॉन्च कर दिया है। अब यूजर्स को अलग-अलग अकाउंट इस्तेमाल करने के लिए दूसरा फोन रखने या बार-बार लॉगआउट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस फीचर की मदद से Android और iPhone दोनों में एक ही ऐप पर दो WhatsApp अकाउंट आसानी से चलाए जा सकेंगे।
iPhone यूजर्स ऐसे करें अकाउंट स्विच
iPhone यूजर्स सबसे पहले WhatsApp ऐप खोलें। इसके बाद Settings टैब में जाकर प्रोफाइल नाम के नीचे दिखाई दे रहे शेवरॉन आइकन पर टैप करें। यहां जुड़े हुए सभी अकाउंट दिखाई देंगे। जिस अकाउंट का उपयोग करना हो, उसे चुनकर तुरंत स्विच किया जा सकता है।
यदि दूसरा अकाउंट ऐड नहीं हो रहा है, तो फोन को रीस्टार्ट करके दोबारा कोशिश करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि फोन में WhatsApp का लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल हो।
नया अकाउंट जोड़ने का तरीका
नया अकाउंट जोड़ने के लिए Settings में जाएं।
नाम के पास दिख रहे प्लस (+) आइकन पर टैप करें।
इसके बाद Add Account विकल्प चुनें।
नियम और शर्तें स्वीकार करें।
अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर OTP से वेरिफाई करें।
वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद प्रोफाइल सेटअप कर लें।
इसके बाद दोनों अकाउंट एक साथ इस्तेमाल किए जा सकेंगे।
Android यूजर्स ऐसे करें इस्तेमाल
Android फोन में WhatsApp खोलें और ऊपर दाईं ओर दिख रहे तीन डॉट्स पर टैप करें। यहां Switch Account विकल्प मिलेगा, जिसकी मदद से दोनों अकाउंट के बीच तुरंत स्विच किया जा सकता है।
हालांकि फिलहाल यह फीचर एक डिवाइस पर अधिकतम दो अकाउंट तक ही सीमित रखा गया है।
क्यों खास है यह फीचर?
यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी माना जा रहा है, जो अपने पर्सनल और बिजनेस अकाउंट को अलग-अलग रखना चाहते हैं। पहले इसके लिए लोगों को दो फोन रखने या WhatsApp Business ऐप का इस्तेमाल करना पड़ता था, लेकिन अब एक ही ऐप से दोनों अकाउंट आसानी से मैनेज किए जा सकेंगे।
WhatsApp के मुताबिक, दूसरे अकाउंट में आने वाले मैसेज और नोटिफिकेशन मिलते रहेंगे, लेकिन उन्हें देखने या कॉल रिसीव करने के लिए संबंधित अकाउंट में स्विच करना होगा।
फीचर नहीं दिख रहा? तुरंत करें अपडेट
अगर आपके फोन में यह फीचर अभी दिखाई नहीं दे रहा है, तो WhatsApp को तुरंत अपडेट करें। पुराने वर्जन में यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

