कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवारी बाईपास मार्ग स्थित डिज्नीलैंड मेले में मारपीट का मामला सामने आया है। मेले में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।
झूले में बैठने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, झूले में बैठने को लेकर हुए विवाद के बाद डिज्नीलैंड मेले के कर्मचारियों ने पति-पत्नी और उनके एक साथी के साथ मारपीट की।
वायरल वीडियो में कुछ लोग युवकों की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
तीन लोगों पर पुलिस कार्रवाई
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि मामले में डिज्नीलैंड मेले के मैनेजर समसुद्दीन खान, आकाश झूला संचालक राहुल कुमार पासवान और कर्मचारी आनंद कुमार पासवान के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है।
पहले भी विवादों में रह चुका है मेला
गौरतलब है कि डिज्नीलैंड मेला पहले भी कई विवादों और हादसों को लेकर चर्चा में रहा है। कुछ साल पहले इसी मेले में तीन लोगों की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था, जिसकी जांच रिपोर्ट अब तक लंबित बताई जा रही है।
इसके अलावा एक अन्य घटना में झूला गिरने से कई लोग घायल भी हो चुके हैं।

