कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ड्रेसिंग रूम में स्टाफ मौजूद नहीं रहने पर मरीज के दोस्त को ही ड्रेसिंग करनी पड़ी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ऑपरेशन के बाद ड्रेसिंग कराने पहुंचा था मरीज
जानकारी के मुताबिक, रामपुर निवासी हुकुम कुमार का कुछ दिन पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद टांके खुलने और दर्द बढ़ने पर वह अपने दोस्त चंदन कुमार के साथ अस्पताल में ड्रेसिंग कराने पहुंचा था।
स्टाफ नहीं मिला तो दोस्त ने संभाली जिम्मेदारी
आरोप है कि ड्रेसिंग रूम में काफी देर तक कोई मेडिकल स्टाफ मौजूद नहीं मिला। इंतजार के बाद मरीज के दोस्त चंदन कुमार ने खुद ही उसकी ड्रेसिंग कर दी।
इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
जांच में जुटा अस्पताल प्रबंधन
मामले की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सह अधीक्षक रविकांत जाटवर मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

