रायपुर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले आईपीएल 2026 मुकाबलों को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार रायपुर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सेकेंड होम ग्राउंड बना हुआ है। RCB का पहला मुकाबला 10 मई को मुंबई इंडियंस (MI) से और दूसरा मैच 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेला जाएगा।
मैचों को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
1500 पुलिस जवान संभालेंगे सुरक्षा
पुलिस द्वारा जारी एडवायजरी के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था को चार हिस्सों में बांटा गया है। पूरे आयोजन के दौरान करीब 1500 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे।
दर्शकों की सुविधा के लिए इस बार पहली बार सीट नंबर वाले टिकट जारी किए गए हैं। स्टेडियम के सभी गेट पर टिकट स्कैनिंग की जाएगी। स्कैनिंग में समय लगने की संभावना को देखते हुए लोगों से समय से पहले स्टेडियम पहुंचने की अपील की गई है।
स्टेडियम में इन सामानों पर रहेगा बैन
पुलिस की 14 बिंदुओं वाली एडवायजरी के अनुसार कई वस्तुओं को स्टेडियम के अंदर ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रतिबंधित सामानों में शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटका, तंबाकू, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, बोतल, टिफिन, कुर्सी, स्टूल, छाता, ब्लेड, स्केट्स बोर्ड और वाद्य यंत्र शामिल हैं।
इसके अलावा आग्नेयास्त्र, पटाखे, चाकू, तलवार, कैंची, धारदार वस्तुएं, कांच के कंटेनर, बैग, बैकपैक, लैपटॉप, कैमरा, लेजर लाइट, फ्लैश लाइट, परफ्यूम स्प्रे, सिरिंज, पेन-पेंसिल, गुब्बारे, हॉकी स्टिक, झंडा, हार्न, सीटी, रेडियो और प्रचार सामग्री भी प्रतिबंधित रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के खाद्य पदार्थों को छोड़कर अन्य खाने-पीने की सामग्री स्टेडियम के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

