रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जशपुर जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कांसाबेल से बगीचा मार्ग के मजबूतीकरण और पुल-पुलिया निर्माण कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग ने निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके साथ ही अब जल्द निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
39 किलोमीटर सड़क का होगा उन्नयन
करीब 29 करोड़ 08 लाख 06 हजार रुपए की लागत से 39 किलोमीटर लंबे इस महत्वपूर्ण मार्ग का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। परियोजना के तहत सड़क मजबूतीकरण के साथ आवश्यक पुल और पुलियों का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम बन सके।
ग्रामीणों और व्यापारियों को मिलेगी राहत
कांसाबेल-बगीचा मार्ग क्षेत्र का बेहद व्यस्त संपर्क मार्ग माना जाता है। इस सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, विद्यार्थी और व्यापारी आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी और परिवहन व्यवस्था भी मजबूत होगी।
कनेक्टिविटी और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
इस परियोजना से ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यात्रा समय कम होगा और व्यापारिक व सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचनात्मक विकास को प्राथमिकता दे रही है।

