बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र में देर रात एक परिवार के घर के बाहर पहुंचकर युवक को जान से मारने की धमकी देने और लोहे का धारदार हथियार लहराने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया था।
घर के बाहर पहुंचकर दी धमकी
मामला ग्राम परसबोड का है। प्रार्थिया कुंजू बाई वर्मा (45) ने साजा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 9 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे गांव का करण ठाकुर उनके घर के सामने पहुंचा और जोर-जोर से अश्लील गालियां देते हुए उनके बड़े बेटे रवि वर्मा को बाहर निकालने की धमकी देने लगा।
आवाज सुनकर जब कुंजू बाई और उनका छोटा बेटा बाहर निकले तो देखा कि आरोपी हाथ में लोहे का धारदार हथियार लेकर खड़ा था।
“आज जान से खत्म कर दूंगा”
शिकायत के मुताबिक आरोपी लगातार रवि वर्मा को जान से मारने और काट डालने की धमकी दे रहा था। जब परिवार ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह और उग्र हो गया और हथियार लहराते हुए बोला कि रवि को बाहर निकालो, आज उसे जान से खत्म कर दूंगा।
परिवार ने बताया कि अगर रवि उस समय घर में मौजूद होता तो बड़ी घटना हो सकती थी।
पुलिस ने तुरंत किया गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना साजा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(3) बीएनएस और 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डीआईजी रामकृष्ण साहू के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव और एसडीओपी बेरला विनय कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रोशन लाल टोन्डे की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी करण ठाकुर (22) को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का धारदार हथियार भी जब्त कर लिया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया है।

