धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में CAF जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। शहर की पिंक सिटी कॉलोनी स्थित किराए के मकान में जवान का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
बंगाल-असम चुनाव ड्यूटी से लौटा था जवान
मृतक की पहचान जागेश्वर प्रसाद के रूप में हुई है, जो भटगांव का रहने वाला था और सूरजपुर में CAF में पदस्थ था।
बताया जा रहा है कि वह हाल ही में बंगाल और असम चुनाव ड्यूटी से छुट्टी लेकर घर लौटा था। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
शराब को लेकर घर में हुआ था विवाद
पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जवान शराब सेवन का आदी था। परिजनों ने उसे शराब पीने से मना किया था, जिसे लेकर घर में विवाद हुआ था।
तनाव में उठाया आत्मघाती कदम?
आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक तनाव के बाद जवान ने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और मौत के पीछे की असली वजह पता लगाने में जुटी है।
घटना के बाद परिवार और CAF विभाग में शोक का माहौल है।

