रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को अपने निवास कार्यालय में रायपुर प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले “पत्रकारिता मार्तण्ड उत्सव” में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
30 मई को होगा भव्य आयोजन
रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आगामी 30 मई 2026 को “पत्रकारिता मार्तण्ड उत्सव” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा और लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को समर्पित रहेगा।
मुख्यमंत्री ने किया पोस्टर विमोचन
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आयोजन के पोस्टर का विमोचन करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज और लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है।
वरिष्ठ पत्रकारों और साहित्यकारों की होगी मौजूदगी
प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश और देश के वरिष्ठ पत्रकार, संपादक, मीडिया विशेषज्ञ, साहित्यकार और विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियां शामिल होंगी।
आयोजन में होंगे कई विशेष कार्यक्रम
उत्सव के दौरान पत्रकार सम्मान, विचार गोष्ठी, विशेष व्याख्यान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, प्रेस क्लब महासचिव गौरव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


