दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गर्लफ्रेंड से बातचीत को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कोतवाली थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
20 से 25 युवकों ने किया हमला
जानकारी के मुताबिक, राजीव नगर निवासी जितेश ठाकुर अपने दोस्तों राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर के साथ सोमवार देर रात केजू राइस मिल के पास मौजूद था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे 20 से 25 अज्ञात हमलावरों ने अचानक तीनों पर हमला कर दिया।
पुरानी रंजिश में बहा खून
बताया जा रहा है कि एक युवती से बातचीत को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और आरोपियों ने चाकू, लाठी और सब्बल से हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हमले में जितेश ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जितेश को मृत घोषित कर दिया।
दो युवक गंभीर, एक की हालत नाजुक
घटना में घायल राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक इनमें से एक युवक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
5 संदिग्ध हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। रातभर चली कार्रवाई के बाद पुलिस ने 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


