रायगढ़। सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज रायगढ़ शहर में विकसित आधुनिक ‘सिंदूर पार्क’ का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पार्क केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि रायगढ़वासियों के लिए स्वच्छ वातावरण, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा।
“सिंदूर पार्क शहर के विकास की बड़ी उपलब्धि” : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सिंदूर पार्क रायगढ़वासियों के लिए एक आधुनिक और सुंदर सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया गया है। यहां बच्चों, बुजुर्गों और परिवारों के लिए विशेष सुविधाएं तैयार की गई हैं। उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र पहले अव्यवस्थित और गंदगी से घिरा था, वह अब शहर का प्रमुख आकर्षण बन गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “मोदी की गारंटी” के तहत जनता से किए गए हर वादे को तेजी से पूरा कर रही है और सुशासन तिहार के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं।
9.87 करोड़ की लागत से तैयार हुआ पार्क
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि लगभग 9 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से इस परियोजना को विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि जहां पहले गंदगी और असामाजिक गतिविधियां होती थीं, वहां अब आधुनिक पार्क, चौपाटी और मनोरंजन क्षेत्र विकसित किया गया है।
उन्होंने कहा कि पार्क में विशाल पार्किंग, चौड़ी सड़कें और आधुनिक फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं भी तैयार की जा रही हैं। आने वाले समय में यह क्षेत्र रायगढ़ का प्रमुख फैमिली और एंटरटेनमेंट हब बनेगा।
“ऑपरेशन सिंदूर” की स्मृति में रखा गया नाम
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बताया कि पहलगाम घटना के बाद भारतीय सेना द्वारा आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए “ऑपरेशन सिंदूर” की स्मृति को सम्मान देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुसार इस पार्क का नाम “सिंदूर पार्क” रखा गया है।
अर्बन फॉरेस्ट के रूप में होगा विकसित
सिंदूर पार्क का सबसे बड़ा आकर्षण इसका विशाल हरित क्षेत्र है। पार्क में लगभग 450 बड़े पेड़ लगाए गए हैं, जो आने वाले वर्षों में इसे “अर्बन फॉरेस्ट” के रूप में विकसित करेंगे। खास बात यह है कि निर्माण कार्य के दौरान एक भी पुराना पेड़ नहीं काटा गया।
पार्क में मिलेंगी ये सुविधाएं
- चिल्ड्रन प्ले एरिया
- ओपन एयर जिम
- ओपन एयर थिएटर
- आकर्षक पाथवे
- पगोडा और बैठने की व्यवस्था
- सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विशेष स्थान
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, हाउसिंग बोर्ड चेयरमैन अनुराग सिंह देव, महापौर जीवर्धन चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


