रायपुर। ऑनलाइन दवा बिक्री और भारी डिस्काउंट के विरोध में देशभर के मेडिकल स्टोर संचालकों ने 20 मई को राष्ट्रव्यापी बंद का ऐलान किया है। ‘ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स’ (AIOCD) के नेतृत्व में होने वाली इस हड़ताल का असर छत्तीसगढ़ में भी बड़े स्तर पर देखने को मिलेगा।
12.5 लाख मेडिकल स्टोर रहेंगे बंद
दवा विक्रेता संघ के मुताबिक, देशभर में करीब 12.5 लाख मेडिकल स्टोर 20 मई को बंद रहेंगे। संगठन का दावा है कि देश में लगभग 5 करोड़ लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से दवा व्यापार से जुड़े हुए हैं।
ऑनलाइन दवा बिक्री का विरोध
दवा व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दवाओं की बिक्री और भारी छूट के कारण पारंपरिक मेडिकल स्टोरों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है, जिसके विरोध में यह देशव्यापी बंद बुलाया गया है।
छत्तीसगढ़ में 20 हजार मेडिकल स्टोर बंद
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में करीब 20 हजार मेडिकल स्टोर हैं। यदि एक दिन के लिए भी दुकानें बंद रहती हैं, तो राज्य में लगभग 50 करोड़ रुपये के कारोबार पर असर पड़ सकता है। वहीं राजधानी रायपुर में दवाओं का दैनिक कारोबार करीब 20 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
जरूरी दवाओं की उपलब्धता रहेगी जारी
इधर, खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने दावा किया है कि आम लोगों को जरूरी दवाओं की कमी नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन ने सभी जिला अधिकारियों को आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं और स्वास्थ्य सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सरकारी अस्पतालों, जनऔषधि केंद्रों, धन्वंतरि मेडिकल स्टोर्स और अन्य निर्धारित केंद्रों पर दवाएं उपलब्ध रहेंगी, ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


