रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम करीब 90-90 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। इससे पहले 15 मई को भी ईंधन के दामों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।
रायपुर में पेट्रोल 104 रुपए के पार
लगातार दूसरी बार बढ़ोतरी के बाद रायपुर में पेट्रोल की कीमत करीब 104.32 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत लगभग 97.38 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ने वाला है।
सब्जी, राशन और किराए भी हो सकते हैं महंगे
डीजल की कीमत बढ़ने से ट्रकों और मालवाहक वाहनों का खर्च बढ़ेगा, जिससे बाहर से आने वाली सब्जियां, फल, राशन और अन्य जरूरी सामान महंगे हो सकते हैं। खेती-किसानी में इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने की लागत भी बढ़ेगी।
इसके साथ ही आने वाले दिनों में बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में बढ़ोतरी की संभावना भी जताई जा रही है।
ब्लैक मार्केटिंग रोकने प्रशासन अलर्ट
ईंधन संकट और बढ़ती कीमतों के बीच रायपुर प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। रायपुर कलेक्टर ने पेट्रोल-डीजल की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
कहीं भी अधिक कीमत वसूली या अवैध बिक्री की शिकायत इन नंबरों पर की जा सकती है:
📞 9977222564
📞 9977222574
📞 9977222584
📞 9977222594
कैसे तय होती है पेट्रोल-डीजल की कीमत?
भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत, डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति, रिफाइनिंग खर्च, केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और राज्य सरकार के वैट को जोड़ने के बाद पेट्रोल-डीजल की अंतिम कीमत तय होती है।
अलग-अलग राज्यों में टैक्स की दरें अलग होने के कारण हर शहर में ईंधन के रेट अलग होते हैं।
क्यों बढ़ रहे हैं पेट्रोल-डीजल के दाम?
इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल है। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने के बाद क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं।
तेल कंपनियों पर बढ़ते दबाव के कारण घाटे की भरपाई के लिए कीमतों में इजाफा किया गया है। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ती रहीं तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल और महंगा हो सकता है।


