रायपुर। शिक्षा विभाग ने नए शिक्षा सत्र को लेकर सभी स्कूलों को समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्कूलों से अपने आसपास के क्षेत्रों यानी कैचमेंट एरिया का निर्धारण करने, बच्चों की सूची तैयार करने और पारदर्शी तरीके से एडमिशन प्रक्रिया पूरी करने को कहा है।
किसी भी बच्चे को प्रवेश से नहीं किया जाएगा वंचित
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी बच्चे को प्रवेश से वंचित नहीं रखा जाएगा। खासकर ऐसे बच्चों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं, जिन्होंने बीच में पढ़ाई छोड़ दी है या अब तक किसी कारणवश स्कूल में दाखिला नहीं ले पाए हैं।
आंगनबाड़ी से ली जाएगी बच्चों की सूची
मिली जानकारी के अनुसार पहली कक्षा में प्रवेश के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों की सूची ली जाएगी। वहीं 5वीं और 8वीं पास विद्यार्थियों की जानकारी संबंधित स्कूलों को भेजी जाएगी।
16 जून तक जारी होगी प्रवेश सूची
शिक्षा विभाग के अनुसार प्रवेश सूची 16 जून तक जारी कर दी जाएगी, जबकि पूरी एडमिशन प्रक्रिया 30 जून तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
निजी स्कूलों में भी जारी है एडमिशन
सरकारी स्कूलों के साथ-साथ निजी स्कूलों में भी प्रवेश प्रक्रिया जारी है। आरटीई (RTE) के तहत चयनित बच्चों को भी स्कूलों में दाखिला दिया जा रहा है।
शिक्षा विभाग का कहना है कि नए सत्र की शुरुआत समय पर और बिना किसी परेशानी के सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।

