बिलासपुर। शहरवासियों को जल्द ही रसोई गैस सिलेंडर से राहत मिलने वाली है। बिलासपुर में अब घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। अडानी टोटल गैस लिमिटेड ने घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहले चरण में राजकिशोर नगर, मोपका, सरकंडा और गीतांजलि सिटी फेस-1 व फेस-2 क्षेत्रों में कनेक्शन दिए जाएंगे।
कंपनी के अनुसार रजिस्ट्रेशन के करीब दो माह के भीतर घरों में गैस सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। घरेलू पीएनजी कनेक्शन की कुल लागत लगभग 6000 रुपए तय की गई है, जिसमें गैस मीटर, पाइपलाइन, फिटिंग और अन्य जरूरी उपकरण शामिल हैं।
EMI पर भी मिलेगा कनेक्शन
उपभोक्ताओं को एकमुश्त भुगतान से राहत देने के लिए कंपनी ने ईएमआई सुविधा भी शुरू की है। इसके तहत शुरुआती तौर पर केवल 1300 रुपए देकर कनेक्शन लिया जा सकेगा।
EMI योजना
- रजिस्ट्रेशन शुल्क – 300 रुपए
- सिक्योरिटी डिपॉजिट – 1000 रुपए
- शेष राशि – 250 रुपए प्रति बिलिंग साइकिल, कुल 20 किश्तों में
फुल पेमेंट योजना
- रजिस्ट्रेशन शुल्क – 300 रुपए
- सिक्योरिटी डिपॉजिट – 6000 रुपए
कंपनी का कहना है कि हर घर में गैस मीटर लगाया जाएगा। शुरुआती अनुमान के मुताबिक घरेलू उपभोक्ताओं का दो महीने का बिल करीब 1100 से 1300 रुपए तक आ सकता है।
भविष्य में स्मार्ट मीटर की सुविधा
आने वाले समय में इस सेवा को स्मार्ट मीटर सिस्टम से जोड़ा जाएगा, जिससे उपभोक्ता मोबाइल रिचार्ज की तरह गैस रिचार्ज कर सकेंगे।
उपभोक्ताओं को होंगे कई फायदे
पीएनजी सेवा शुरू होने के बाद:
- सिलेंडर खत्म होने की चिंता नहीं रहेगी
- गैस बुकिंग और डिलीवरी का इंतजार खत्म होगा
- 24 घंटे लगातार गैस सप्लाई मिलेगी
फिलहाल कंपनी ऑनलाइन माध्यम से रजिस्ट्रेशन ले रही है। शुरुआती दिनों में ही कई लोगों ने आवेदन कर दिया है। जल्द ही विभिन्न कॉलोनियों और रिहायशी इलाकों में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

