रायपुर/अभनपुर। राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादीशुदा प्रेमी जोड़े ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इस घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि पुरुष की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृत महिला की पहचान शारदा भारती (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि घायल व्यक्ति का नाम शिव कुमार कुर्रे (45 वर्ष) बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक दोनों शादीशुदा थे और लंबे समय से उनके बीच प्रेम संबंध चल रहे थे।
बताया जा रहा है कि दोनों के रिश्ते की जानकारी परिवार और आसपास के लोगों को लगने के बाद तनाव की स्थिति बन गई थी। इसी तनाव के चलते दोनों ने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर दोनों अभनपुर थाना क्षेत्र के एक तालाब किनारे पहुंचे, जहां उन्होंने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। घटना के कुछ समय बाद शारदा भारती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिव कुमार कुर्रे की हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों की निगरानी में घायल शिव कुमार का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

