बेमेतरा। जिले में कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए बेमेतरा पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खुलेआम शराब सेवन, शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है।
बेमेतरा पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों, अड्डेबाजी स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार पेट्रोलिंग, वाहन चेकिंग और निगरानी की जा रही है।
इसी अभियान के तहत थाना नांदघाट, चौकी खंडसरा और देवरबीजा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने और लोगों को शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले 5 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
कार्रवाई किए गए आरोपियों में:
- यामलाल जांगड़े (47) निवासी नांदघाट
- गनपत अनंत (39) निवासी ढाबापारा नांदघाट
- संतोष निषाद (40) निवासी नांदघाट
- तारण साहू (20) निवासी अतरिया चौकी खंडसरा
- संदीप कुमार लहरे (20) निवासी इंदिरा आवास देवरबीजा
शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 36 (च) और 36 (सी) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
वहीं सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया।
जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 15 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 6,600 रुपये समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाना, तीन सवारी बैठाना, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाना, तेज गति, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग और शराब पीकर वाहन चलाने जैसे मामलों में कार्रवाई की।
थाना बेरला, चंदनू, चौकी खंडसरा, देवरबीजा और यातायात बेमेतरा पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।
खास बात यह रही कि पुलिस ने “सशक्त ऐप” के माध्यम से भी वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस एप की मदद से चोरी और गुम वाहनों की पहचान की जा रही है। यातायात बेमेतरा में 45 वाहनों की डिजिटल चेकिंग भी की गई।
बेमेतरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित सड़क व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

