रायपुर। राजधानी रायपुर में तेजी से बढ़ते फिटनेस ट्रेंड के बीच अब जिम वियर को लेकर स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं सामने आ रही हैं। खासकर टाइट और सिंथेटिक कपड़े पहनने की आदत लोगों के लिए नुकसानदायक साबित हो रही है। एक्सपर्ट डॉक्टरों ने इसे लेकर गंभीर चेतावनी दी है।
नेहरू मेडिकल कॉलेज के स्किन विभाग के एचओडी डॉ. मृत्युंजय सिंह के अनुसार जिम में पहने जाने वाले अधिकतर कपड़े सिंथेटिक और लाइक्रा बेस्ड होते हैं, जो पसीना सोख नहीं पाते। इससे पसीना शरीर पर जमा रहता है और त्वचा में इरिटेशन शुरू हो जाता है।
डॉक्टरों का कहना है कि यह समस्या आगे चलकर फंगल इंफेक्शन, दाद, खुजली, रैशेज और घमौरियों जैसी परेशानियों का कारण बन सकती है।
गर्मी में बढ़ जाता है खतरा
विशेषज्ञों के मुताबिक रायपुर जैसी गर्म जलवायु में यह समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है। लगातार पसीना और टाइट कपड़े स्किन को सांस लेने का मौका नहीं देते, जिससे संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
इन कपड़ों से बढ़ रही परेशानी
ईएनटी फेशियल एस्थेटिक सर्जन और एंटी-एजिंग एक्सपर्ट डॉ. मान्या ठाकुर बताती हैं कि कई एक्टिववियर पॉलिमर और केमिकल बेस्ड होते हैं, जिन पर स्पष्ट मानक तय नहीं हैं।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सस्ते दाम में मिलने वाले कई कपड़े बिना गुणवत्ता जांच के खरीदे जा रहे हैं, जो त्वचा के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं।

