रायपुर/बलौदाबाजार। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं, विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए और क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और गांव-गांव जाकर समस्याओं का समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि सरकार यह जानने के लिए गांवों तक पहुंच रही है कि लोगों को पानी, बिजली, सड़क, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं।
प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी पूरी कर रही सरकार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए और अब तक कुल 26 लाख आवास स्वीकृत हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और दो वर्षों का बकाया बोनस भी दिया गया है।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कही ये बात
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 45-47 डिग्री तापमान में गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शी और जनहित में कार्य करने वाली सरकार है।
प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली अनीता निषाद की जिंदगी
समाधान शिविर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही अनीता निषाद से संवाद किया।
अनीता निषाद ने बताया कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था, जो बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया था। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने के बाद अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहा है।
करहीबाजार के लिए कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने करहीबाजार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
- करहीबाजार में 25 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक भवन
- सुकालू के घर से सिद्ध बाबा मार्ग तक 25 लाख रुपये की सीसी रोड
- हायर सेकेंडरी स्कूल करहीबाजार और कोदवा में नए स्कूल भवन
- ग्राम विटकुली में 20 लाख रुपये का मांगलिक भवन
- कोठमी, मोपका, कोनी, बोरसी, कोदवा, पाटन और रामपुर में 10-10 लाख रुपये की सीसी रोड निर्माण
हितग्राहियों को बांटे विभिन्न योजनाओं के लाभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को नजर का चश्मा पहनाया।
इसके अलावा आयुष्मान कार्ड, मछुआरों को जाल और आईस बॉक्स तथा बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत राहत राशि सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, भाटापारा नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

