रायपुर। विदेशों में संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। एयरपोर्ट पर यात्रियों की जांच और स्क्रीनिंग शुरू करने के निर्देश जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने खास तौर पर विदेश से आने वाले यात्रियों पर नजर रखने को कहा है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक एयरपोर्ट पर एक नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा, जो यात्रियों की जांच और संदिग्ध मामलों की निगरानी करेगा।
यदि किसी यात्री में बुखार, कमजोरी या संक्रमण जैसे लक्षण पाए जाते हैं, तो तुरंत मेडिकल प्रोटोकॉल अपनाया जाएगा।
इसके साथ ही अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है। आइसोलेशन वार्ड, इमरजेंसी टीम और जरूरी मेडिकल संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है।
संभावित लक्षण
- अचानक तेज बुखार
- अत्यधिक थकान और कमजोरी
- सिरदर्द और मांसपेशियों में दर्द
- गले में खराश
गंभीर लक्षण
- गंभीर उल्टी और दस्त
- पेट में तेज दर्द और भूख न लगना
- त्वचा पर लाल चकत्ते
- लिवर और किडनी पर असर
- नाक, मसूड़ों या कान से खून बहना
बताया जा रहा है कि कांगो और युगांडा में इबोला के बढ़ते मामलों के बाद दुनिया भर में चिंता बढ़ गई है। इसी वजह से भारत समेत कई देशों में एयरपोर्ट और स्वास्थ्य सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने, संक्रमित या संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क से बचने और जरूरत पड़ने पर तुरंत स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की है।

