रायपुर। एक दर्दनाक घटना में युवती ने मोबाइल पर वीडियो देखते हुए टावर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों के अनुसार मृतका नीलिमा लकड़ा पिछले काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। उसे मोबाइल पर फांसी लगाने और आत्महत्या से जुड़े वीडियो देखने की गंभीर लत थी। परिवार के लोगों ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी उसने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया था।
जानकारी के मुताबिक घटना से एक दिन पहले नीलिमा अपनी मां के साथ अस्पताल गई थी, जहां से वह अचानक लापता हो गई।
रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग टीम को वह मिली थी, जिसके बाद उसे घर जाने के लिए रवाना किया गया था।
बताया जा रहा है कि तड़के करीब 4 बजे उसने खुद 112 नंबर पर कॉल कर कहा कि “थाने में कोई नहीं है।” जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवती ने कहा कि वह सिर्फ यह देखना चाहती थी कि पुलिस कितनी जल्दी पहुंचती है।
सुबह करीब 5 बजे स्थानीय लोगों ने उसे टावर पर चढ़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने फोन पर बात कर उसे नीचे उतरने के लिए मना भी लिया था, लेकिन अचानक उसने मोबाइल पर कोई वीडियो देखते हुए फांसी लगा ली।
पुलिस ने शव को टावर से नीचे उतार लिया है और मामले की जांच जारी है।

