गरियाबंद। जिले के देवभोग स्थित देवमाता प्रायवेट अस्पताल में इलाज के दौरान प्रसूता की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना के बाद अस्पताल परिसर और सड़क पर भारी हंगामे की स्थिति बन गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान भानुमति मांझी (30 वर्ष) के रूप में हुई है।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण प्रसूता की मौत हुई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल प्रबंधन व डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आक्रोशित लोगों ने देवभोग-गरियाबंद मुख्यालय मार्ग NH-130C पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
चक्काजाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल मामले को लेकर जांच की बात कही जा रही है।

