बिलासपुर। जिले में लग्जरी कार के सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट और डांस का वीडियो बनाना युवकों को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीएमडब्ल्यू कार को जब्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार क्रमांक CG 10 CA 3999 में युवक अपनी महिला मित्र के साथ सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो बना रहा था।
इंस्टाग्राम पर वायरल हुए वीडियो में यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए देखा गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए चकरभाठा पुलिस ने कार्रवाई कर कार को जब्त कर लिया। चालक प्रतीक लूथर से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने समेत यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाईवे पर इस तरह के स्टंट और वीडियो शूट सड़क सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

