धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंद फल दुकान के अंदर ऑटो चालक की संदिग्ध हालत में लाश मिली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के अंबेडकर चौक का है। यहां बंद पड़ी एक फल दुकान के भीतर युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान मकेश्वर वार्ड निवासी शेख जमील खान के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक था।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।

