गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में दिनदहाड़े ज्वेलरी व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कोटमी गांव के साप्ताहिक बाजार में हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि बदमाश लूट के इरादे से आए थे और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक पेण्ड्रा निवासी करीब 50 वर्षीय प्रदीप सोनी कोटमी गांव के बाजार में ज्वेलरी की दुकान लगाए हुए थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने पहले लूटपाट की कोशिश की और फिर कट्टा तानकर व्यापारी पर गोली चला दी।
गोली लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक गोली का घाव काफी गंभीर था।
इलाके में दहशत, पुलिस ने की नाकेबंदी
घटना के बाद बाजार क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर तीनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

