बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सोशल मीडिया रील और दिखावे के लिए खतरनाक स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। थाना कोनी क्षेत्र में आर्टिका कार की छत पर युवती को बैठाकर सड़क पर स्टंटबाजी करने वाले चालक पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक 24 मई की रात से 25 मई की देर रात के बीच मौहारपारा निरतु रतनपुर रायपुर रोड पर आर्टिका कार क्रमांक CG 10 CD 1416 का चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए कार की छत पर युवती को बैठाकर खतरनाक करतब कर रहा था। सड़क से गुजर रहे लोग यह नजारा देखकर दहशत में आ गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की शिकायत सेंदरी निवासी धर्मेंद्र सूर्यवंशी ने थाना कोनी में दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी चालक न सिर्फ युवती की जान जोखिम में डाल रहा था, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी खतरा बन गया था।
पुलिस ने आरोपी चालक राहुल कौशिक निवासी सरकंडा, बिलासपुर के खिलाफ धारा 281 बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

