कोरबा/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरबा जिले के तुमान में एक सरकारी बाबू को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार तुमान क्षेत्र में जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सुशासन तिहार समाधान शिविर लगाया गया था। इसी दौरान बिलासपुर ACB की टीम ने अचानक दबिश देकर सहायक ग्रेड-2 के बाबू प्रदीप मिश्रा को घूस लेते हुए पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल अपने पेंशन संबंधी काम को लेकर लंबे समय से दफ्तरों के चक्कर काट रहे थे। आरोप है कि बाबू प्रदीप मिश्रा ने काम करने के एवज में 40 हजार रुपये की मांग की थी।
शिक्षक रिश्वत नहीं देना चाहते थे, जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत सीधे ACB से की। शिकायत के आधार पर टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। जैसे ही समाधान शिविर के भीतर पैसों का लेन-देन हुआ, ACB की टीम ने आरोपी बाबू को रंगे हाथों पकड़ लिया।
फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। ACB अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

