रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छाल तहसील कार्यालय के एक बाबू को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू तुलाराम पटेल ने बी-1 में त्रुटि सुधार के नाम पर एक ग्रामीण से पैसों की मांग की थी। ग्रामीण भानुप्रताप पटेल ने इसकी शिकायत ACB से की थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की योजना बनाई। शुक्रवार को ACB की टीम ने छाल तहसील कार्यालय में दबिश दी और आरोपी बाबू तुलाराम पटेल को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

