रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे सेनानी हैं, जो कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर परिश्रम करते हुए सूचनाओं को जन-जन तक पहुंचाते हैं और समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया की सकारात्मक आलोचना केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि प्रशासन और सरकार को भी आत्ममंथन और बेहतर कार्य की दिशा प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री शनिवार को राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर परिसर के सुंदर सदन में आयोजित ‘पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव’ को संबोधित कर रहे थे। यह आयोजन हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किया गया।
रायपुर प्रेस क्लब को दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि माता कौशल्या की धरती और भगवान श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा पर आधारित यह आयोजन सराहनीय है। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब को बधाई देते हुए कहा कि यह देश के पुराने और प्रतिष्ठित प्रेस क्लबों में से एक है।
पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने रायपुर की पत्रकारिता परंपरा का उल्लेख करते हुए मधुकर खेर, मायाराम सुरजन, ललित सुरजन, रमेश नैय्यर और बबन प्रसाद मिश्र जैसे वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों को याद किया। उन्होंने कहा कि इन विभूतियों ने पत्रकारिता की सशक्त और वैचारिक परंपरा को समृद्ध किया।
उदंत मार्तंड से शुरू हुई हिंदी पत्रकारिता की यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 मई 1826 को कोलकाता से जुगल किशोर शुक्ल द्वारा प्रकाशित देश के पहले हिंदी समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ ने भारतीय पत्रकारिता की मजबूत नींव रखी। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्षों की यह यात्रा पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।
बस्तर की बदलती तस्वीर में मीडिया की भूमिका अहम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति, विकास, पर्यटन और सकारात्मक बदलावों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर प्रकाशित विशेषांक, रायपुर प्रेस क्लब की पत्रकार डायरेक्टरी और लेखक दिनेश यदु की पुस्तक ‘मैं अगहन हूं’ का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास, विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राजीव अग्रवाल, वर्णिका शर्मा, सुनील रामदास, रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

