रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिरहसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत पलौद गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मुख्य आरोपी करण ध्रुव को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान तोषक भारती के रूप में हुई है। मृतक की मां सरस्वती भारती ने मंदिरहसौद थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक 29 मई की रात करीब 9 बजे गांव के करण ध्रुव और विधि से संघर्षरत एक बालक ने तोषक भारती पर हमला किया।
बहन से बातचीत को लेकर चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक को अपनी बहन और आरोपी पक्ष के एक बालक के बीच बातचीत को लेकर आपत्ति थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद और तनाव बना हुआ था।
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान चाकू से हमला कर तोषक भारती को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए शासकीय अस्पताल आरंग भेजा गया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, बालक पर भी कार्रवाई
मंदिरहसौद थाना पुलिस ने हत्या के आरोपी करण ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
हत्या के बाद गांव में तनाव
युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। जानकारी के अनुसार कुछ अज्ञात लोगों ने आरोपी पक्ष के घर और एक पुरानी स्कूटी में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। इस मामले में भी पुलिस ने अलग से प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

