जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 133.3 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी गोयलबाड़ी तिराहा के पास अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध अफीम बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
शिलाजीत बताकर बचने की कोशिश
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बरामद पदार्थ को शिलाजीत बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने मौके पर ही एफएसएल किट से जांच कराई, जिसमें पदार्थ अफीम पाया गया।
राजस्थान का रहने वाला है आरोपी
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान जगदीश चौधरी, निवासी जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जगदलपुर में किराए के मकान में रहकर नशे के कारोबार में संलिप्त था।
66 हजार से अधिक की अफीम जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 133.3 ग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 66 हजार 500 रुपए बताई जा रही है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
बस्तर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

