रायपुर/बीजापुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के तहत आज बीजापुर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम कोण्डापल्ली पहुंचे। यहां आयोजित जनचौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं, विभिन्न योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और हितग्राहियों से मुलाकात कर योजनाओं के प्रभाव का फीडबैक प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद को अपने अधिकारों के लिए भटकना न पड़े।
हितग्राहियों को वितरित किए प्रमाण पत्र और योजना लाभ
जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार मान्यता पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ, श्रम कार्ड और किसान हितग्राही योजनाओं से संबंधित सामग्री वितरित की।
मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से चर्चा कर यह भी जाना कि सरकारी योजनाओं से उनके जीवन में किस प्रकार सकारात्मक बदलाव आए हैं।
शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी जब उसका लाभ सही समय पर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
बस्तर और वनांचल क्षेत्रों के विकास पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई धारा पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सुशासन तिहार के माध्यम से शासन स्वयं लोगों के द्वार तक पहुंच रहा है, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है और जनता का विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

