भिलाई/दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रिश्वत मांगने का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी विजय अग्रवाल ने मामले में संलिप्त पाए गए दो सब इंस्पेक्टरों को निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच कर दिया है।
जानकारी के अनुसार पुरानी भिलाई थाना में पदस्थ सब इंस्पेक्टर तुलसीराम साहू पर आरोप है कि उन्होंने एक महिला को NDPS (ड्रग्स) केस में गिरफ्तार किया था और उसे छोड़ने के एवज में उसकी बेटी से 50 हजार रुपये की मांग की थी। इस कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
वायरल ऑडियो के बाद विभागीय कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, पुरानी भिलाई थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 288/2026 से जुड़े मामले में आरोपी पक्ष से पैसों की मांग किए जाने का ऑडियो सामने आया था। प्रारंभिक जांच में वायरल ऑडियो के आधार पर SI तुलसीराम साहू और खुर्सीपार थाना में पदस्थ SI देव लाल साहू की भूमिका संदिग्ध पाई गई।
जांच में यह भी सामने आया कि कथित रिश्वत मांगने के मामले में दोनों अधिकारियों की मिलीभगत थी, जो विभागीय नियमों के विपरीत है। इसके बाद दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
साइबर क्राइम टीम पर भी आरोप
महिला की बेटी ने आरोप लगाया है कि इस मामले में साइबर क्राइम से जुड़े कुछ लोगों द्वारा भी 2 लाख रुपये की मांग की गई थी। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र जांच की जा रही है और पुलिस विभाग ने फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जांच जारी
दुर्ग पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

