मुंगेली। जिले के लोरमी क्षेत्र के खुड़िया वन परिक्षेत्र स्थित पटपरहा गांव में एक कच्चे मकान के अंदर महिला और पुरुष के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही खुड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय संतराम बैगा का शव घर के भीतर फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि उसी मकान में 40 वर्षीय रामकली का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि रामकली ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया हो, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
ग्रामीणों के मुताबिक, संतराम बैगा और रामकली के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा थी। इसी कारण पुलिस प्रेम प्रसंग और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
खुड़िया पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे गांव में घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल है।

