जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस वायरलेस टावर पर चढ़कर आत्महत्या करने वाली 22 वर्षीय नीलिमा लकड़ा के मामले में पुलिस ने उसके कथित प्रेमी रविशंकर राम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
प्रेम संबंध और विवाद का मामला
पुलिस के अनुसार, नीलिमा लकड़ा और रविशंकर राम के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। जांच में सामने आया कि 25 मई की शाम आरोपी युवती को कुनकुरी बस स्टैंड से मोटरसाइकिल पर अपने घर ले गया था।
वहां आरोपी ने युवती को बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि युवती आरोपी के साथ रहना चाहती थी, लेकिन आरोपी ने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया।
घटना से पहले मां और परिचितों को किया था फोन
पुलिस जांच के मुताबिक, विवाद के बाद युवती ने अपनी मां और कुछ परिचितों को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी थी। इसके बावजूद आरोपी उसे रात में कुनकुरी के एक चौक के पास छोड़कर चला गया।
70 फीट ऊंचे वायरलेस टावर पर चढ़ी युवती
पुलिस के अनुसार, घटना से मानसिक रूप से आहत युवती 26 मई की रात कुनकुरी थाना परिसर स्थित लगभग 70 फीट ऊंचे वायरलेस टावर पर चढ़ गई और दुपट्टे के फंदे से आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
कॉल रिकॉर्ड और गवाहों के बयान बने अहम साक्ष्य
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। साथ ही परिवार और परिचितों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी की भूमिका सामने आई।
मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने आरोपी रविशंकर राम के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। 4 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

