रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑटो और ई-रिक्शा से सफर करने वाले यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। इसके तहत शहर में संचालित सभी पंजीकृत ऑटो और ई-रिक्शा पर QR कोड लगाया जाएगा। QR कोड स्कैन करते ही यात्रियों को वाहन चालक की पूरी जानकारी मोबाइल पर उपलब्ध हो जाएगी।
QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी पूरी जानकारी
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, QR कोड में चालक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, वाहन संबंधी जानकारी और पंजीयन विवरण दर्ज रहेगा। यात्री इस जानकारी को अपने परिजनों और परिचितों के साथ भी साझा कर सकेंगे, जिससे सफर के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ेगी।
13,782 ई-रिक्शा का हुआ पंजीयन
ई-रिक्शा पंजीयन अभियान के तहत 5 जून तक राजधानी में कुल 13,782 ई-रिक्शा का पंजीयन किया जा चुका है। सभी पंजीकृत चालकों को पहचान पत्र भी जारी किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ वाहन चालकों की पहचान सुनिश्चित करने में भी मदद करेगी।
शहर में बनेंगे 200 से अधिक नए स्टैंड
नई योजना के तहत रायपुर शहर में ऑटो और ई-रिक्शा के लिए 200 से अधिक स्टैंड विकसित किए जाएंगे। प्रारंभिक योजना के अनुसार प्रत्येक थाना क्षेत्र में 20 से 25 स्टैंड चिन्हित किए जाएंगे। इससे अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या कम होगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
ट्रैफिक एसीपी एवं ई-रिक्शा पंजीयन अभियान के नोडल अधिकारी सतीश ठाकुर ने बताया कि केवल 15 दिनों में 13 हजार से अधिक वाहन चालकों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया है, जो अभियान की बड़ी सफलता है।
पंजीयन की समय सीमा बढ़ाने की मांग
हालांकि बड़ी संख्या में चालक अब भी पंजीयन प्रक्रिया से बाहर हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार कई वाहन चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, जिसके कारण वे पंजीयन नहीं करा सके हैं। ऑटो संघ ने पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है ताकि शेष चालक भी इस प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
बिना लाइसेंस वाहनों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में बिना पंजीयन और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के संचालित वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर में 18 हजार से अधिक ई-रिक्शा संचालित
जानकारी के अनुसार रायपुर शहर में लगभग 18 हजार ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं, जबकि अब तक केवल 13,782 वाहनों का पंजीयन हुआ है। जांच में कई चालक बिना वैध लाइसेंस के वाहन चलाते पाए गए हैं। कुछ मामलों में चालक निर्धारित आयु सीमा से कम उम्र के भी मिले हैं।
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि सभी ऑटो और ई-रिक्शा में QR कोड लगाया जाएगा। इसे स्कैन करते ही यात्रियों को चालक की पूरी जानकारी मिलेगी। साथ ही शहरभर में 200 से अधिक स्टैंड विकसित किए जाएंगे, जिससे सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दोनों में सुधार होगा।

