मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। लालपुर थाना क्षेत्र में दर्ज इस मामले में पुलिस ने आरोपी आशीष सोनवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
खेत में ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप
लालपुर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी आशीष सोनवानी नाबालिग छात्रा को लोरमी बस स्टैंड से बाइक पर बैठाकर बिलासपुर रोड स्थित एक खेत में ले गया। शिकायत के अनुसार वहां छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।
रात में घर पहुंचकर ले जाने का प्रयास
आरोप है कि घटना के बाद 3 जून की रात करीब 2 बजे आरोपी पीड़िता के घर में घुस गया और उसे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान परिजनों की नींद खुल गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने की कार्रवाई
पीड़िता की लिखित शिकायत मिलने के बाद मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर लालपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी आशीष सोनवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

