कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले की नरहरपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार की परिचित महिला चन्द्रकला मरकाम निकली, जिसने विश्वास का फायदा उठाकर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए।
बाजार गए दंपति, लौटे तो गायब मिले जेवर
मामला ग्राम बरेठिनबाहरा का है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दिवस कुंजाम अपनी पत्नी के साथ साप्ताहिक बाजार गए हुए थे। अगले दिन सुबह उनकी पत्नी ने आलमारी की जांच की तो उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर गायब मिले।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने ड्रेसिंग टेबल में रखी चाबी निकालकर आलमारी और लॉकर खोला और जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत 1 लाख 63 हजार 350 रुपये आंकी गई।
पुलिस ने गठित की विशेष टीम
शिकायत मिलने के बाद नरहरपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
जांच के दौरान पुलिस ने घर आने-जाने वाले परिचित लोगों से पूछताछ की। मुखबिर से मिली सूचना और साक्ष्यों के आधार पर संदेह चन्द्रकला मरकाम पर गया। पुलिस पूछताछ में महिला ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपी ने बताया कि घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर उसने ड्रेसिंग टेबल से चाबी निकाली, आलमारी और लॉकर खोलकर जेवरात चोरी कर लिए और उन्हें अपने घर में छिपा दिया।
चोरी के सभी जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
- 2 जोड़ी सोने के झुमके
- 1 सोने का मंगलसूत्र
- 2 सोने के दाने
- 2 सोने के लॉकेट
- 1 जोड़ी चांदी की पायल
बरामद किए हैं।
बरामद जेवरों की कुल कीमत 1 लाख 63 हजार 350 रुपये बताई गई है।
आरोपी महिला जेल भेजी गई
नरहरपुर पुलिस ने चोरी गए जेवरों की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए आरोपी महिला चन्द्रकला मरकाम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

