धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरफतराई में आंगनबाड़ी भवन की छत पर एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सोनू यादव के रूप में हुई है, जो हरफतराई गांव का निवासी था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मजदूरी के लिए निकला था युवक
जानकारी के अनुसार, सोनू यादव रोजी-मजदूरी के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। तलाश के दौरान गांव के आंगनबाड़ी भवन की छत पर सोनू यादव का शव पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मौत के कारणों का नहीं हुआ खुलासा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक को शराब पीने की आदत थी। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण हैं, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

