रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव ओवरब्रिज के पास मंगलवार रात एक प्रमुख जलापूर्ति पाइपलाइन फटने से हजारों लीटर पेयजल सड़क पर बह गया। तेज बहाव के कारण मुख्य मार्ग पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह पाइपलाइन शहर की विभिन्न पानी टंकियों तक जलापूर्ति पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण लाइन है। पाइपलाइन फूटने के बाद तेज रफ्तार से पानी बहने लगा और देखते ही देखते सड़क पर पानी भर गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों और नगर निगम को समय पर दे दी गई थी, लेकिन देर रात तक मरम्मत दल मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लगातार पेयजल की बर्बादी होती रही और हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया।
रहवासियों ने प्रशासन से पाइपलाइन की जल्द मरम्मत और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।

