Raipur News: राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। समय रहते दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सुबह दुकान खुलते ही दिखीं आग की लपटें
जानकारी के अनुसार, मौदहापारा थाना क्षेत्र की गली नंबर-1 स्थित जया ऑटोमोबाइल्स स्पेयर पार्ट्स की दुकान में सुबह करीब 10 बजे अचानक आग लग गई। दुकान खोलने पहुंचे कर्मचारियों ने अंदर से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं, जिसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई।
3 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

