Bhilai News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई स्थित नेहरू नगर रेलवे ट्रैक पर 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सेक्टर-7 निवासी बृजेश सिंह के रूप में हुई पहचान
मृतक की पहचान सेक्टर-7 निवासी बृजेश सिंह (55) के रूप में हुई है। घटना मंगलवार शाम करीब 7:45 बजे से 8:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। बुधवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हत्या, आत्महत्या या हादसा? हर एंगल से जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर विस्तृत जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि बृजेश सिंह रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि बृजेश सिंह एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और उनका शव घर से करीब 1 किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय वह वहां किस कारण पहुंचे थे।

