रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों पर निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने के मामलों में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य स्तरीय उड़नदस्ते की जांच में ओवररेटिंग की पुष्टि होने के बाद आबकारी आयुक्त पीएस एल्मा ने 4 आबकारी उप निरीक्षकों (SI) को निलंबित कर दिया है, जबकि 8 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है।
नकली ग्राहक बनकर की गई जांच
विभागीय जांच में रायपुर, धमतरी, खैरागढ़ और बलौदाबाजार समेत कई जिलों की शराब दुकानों में ग्राहकों से 10 रुपये से 60 रुपये तक अधिक वसूली की पुष्टि हुई। शिकायतों के बाद राज्य स्तरीय उड़नदस्ते ने नकली ग्राहक बनकर औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।
4 SI निलंबित, 8 अधिकारियों को नोटिस
जांच रिपोर्ट के आधार पर चार आबकारी उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं संबंधित जिलों के जिला आबकारी अधिकारियों और सहायक जिला आबकारी अधिकारियों सहित कुल 8 अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
धमतरी में शराब में मिलावट का मामला भी सामने आया
धमतरी जिले के बागबहरा स्थित एक दुकान में शराब में मिलावट का मामला भी उजागर हुआ है। इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है और जिला आबकारी अधिकारी निरुपमा लोहारे को भी नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
चिल्हर और ठंडी बोतल के नाम पर वसूली
जांच में यह भी सामने आया कि कई दुकानों पर “चिल्हर नहीं है”, “बोतल ठंडी है” या “ऑनलाइन पेमेंट नहीं हो रहा” जैसे बहाने बनाकर अतिरिक्त पैसे वसूले जा रहे थे। एक मामले में 1440 रुपये की शराब की बोतल 1500 रुपये में बेचे जाने की पुष्टि हुई है।
आबकारी आयुक्त का सख्त संदेश
आबकारी आयुक्त पीएस एल्मा ने कहा कि प्रदेशभर में औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। ओवररेटिंग, मिलावट या किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

