कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवसा में गुरुवार सुबह एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देते हुए न्याय की मांग करने लगा। युवक ने पुलिस पर मारपीट और जबरन पैसे लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पानी टंकी पर चढ़कर किया विरोध
जानकारी के अनुसार, ग्राम नेवसा निवासी रफीक मोहम्मद और दीपेश निर्मलकर ने हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना पर मारपीट और 23,500 रुपये जबरन लेने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मंगलवार को उन्हें ग्राम सिरली के पास से पकड़कर थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
इन आरोपों के विरोध में रफीक मोहम्मद गुरुवार सुबह गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया और तेज बारिश के बीच भी नीचे उतरने से इनकार करता रहा। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पुलिस ने आरोपों से किया इनकार
हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनके अनुसार दोनों युवकों के खिलाफ क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित करने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर उन्हें पकड़कर धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई थी। उन्होंने मारपीट और पैसे लेने के आरोपों से साफ इनकार किया है।
ग्रामीणों ने भी उठाए सवाल
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि पुलिस लोगों को घरों से उठाकर थाने ले जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने अनवर अली नामक युवक के चार दिनों से लापता होने का भी मुद्दा उठाया।
घटना की सूचना पर तहसीलदार विमल खांडेकर और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन, ग्रामीणों और परिजनों की मदद से युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए गए।

