बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य का 1941.110 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में उत्तर प्रदेश के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी।
नाकेबंदी के दौरान पकड़ा गया ट्रक
बसंतपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा भरकर ओडिशा के सोनपुर से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली।
ट्रक से मिला 1941 किलो गांजा
जांच के दौरान ट्रक में रखी बोरियों से 1941.110 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है। कार्रवाई के दौरान साइबर सेल की टीम भी मौजूद रही।
यूपी के 2 आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपियों की पहचान लोकेश शर्मा और आमिर अंसारी के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में इसे बलरामपुर जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

