हैदराबाद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज हैदराबाद में आयोजित छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों को राज्य की नई औद्योगिक नीति, निवेश-अनुकूल माहौल और विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद निवेश अवसरों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने और निवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी व सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने निवेशकों को उद्योग, अधोसंरचना, ऊर्जा, आईटी, खाद्य प्रसंस्करण और खनिज आधारित क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के मिले निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि राज्य की नई उद्योग नीति और निवेशक-अनुकूल फैसलों के चलते अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
निवेशकों के साथ करेंगे अहम बैठकें
हैदराबाद दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न उद्योग समूहों और निवेशकों के साथ बैठक कर छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। यह कार्यक्रम अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, जापान और दक्षिण कोरिया में आयोजित निवेशक संवाद श्रृंखला का हिस्सा है।
राज्य सरकार का मानना है कि नई औद्योगिक नीति और निवेश-अनुकूल माहौल के जरिए आने वाले समय में और अधिक निवेश आकर्षित होंगे, जिससे प्रदेश के आर्थिक विकास और रोजगार के अवसरों को नई गति मिलेगी।

