अहमदाबाद। दुबई से अहमदाबाद पहुंची एक विमान सेवा की फ्लाइट में कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4.26 करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद किया है। विमान के टॉयलेट में लगे स्पीकर बॉक्स के अंदर छिपाकर रखे गए 24 विदेशी मूल के सोने के बिस्कुट मिलने के बाद अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।
टॉयलेट के स्पीकर में छिपाया गया था सोना
कस्टम अधिकारियों ने नियमित जांच के दौरान संदेह होने पर विमान की तलाशी ली। जांच में आगे वाले टॉयलेट के स्पीकर बॉक्स के अंदर काले प्लास्टिक टेप में लिपटे दो पैकेट मिले। इन्हें खोलने पर 24 विदेशी मूल के सोने के बिस्कुट बरामद हुए।
24 कैरेट सोने की कीमत 4.26 करोड़ रुपये
विमान इंजीनियरों की मदद से स्पीकर बॉक्स खोलकर सोने को बाहर निकाला गया। जांच में बरामद सोना 999 शुद्धता (24 कैरेट) का पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 4 करोड़ 26 लाख 89 हजार 325 रुपये आंकी गई है।
किसी ने नहीं किया दावा
कस्टम विभाग के अनुसार, बरामदगी के बाद भी किसी व्यक्ति ने सोने पर दावा नहीं किया। ऐसे में इसे कस्टम अधिनियम के तहत लावारिस संपत्ति मानते हुए जब्त कर लिया गया है।
बड़े तस्करी नेटवर्क की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मामला किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सोना विमान में किसने छिपाया और इसे बाहर निकालने की जिम्मेदारी किसकी थी।

