रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजनांदगांव की युवा क्रिकेटर महक नरवासे ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे।
भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 और वनडे टीम की उपकप्तान बनाए जाने पर मुख्यमंत्री ने महक को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महक की उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है और उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों व युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा, “खूब खेलो, आगे बढ़ो और नई ऊंचाइयों को छुओ।”
महक नरवासे ने सम्मान और शुभकामनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस अवसर पर उनके पिता राधेश्याम नरवासे, महापौर मधुसूदन यादव, कोच मनोज तिवारी सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

