धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नगरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
सूने मकान को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, नगरी थाना क्षेत्र के जंगलपारा निवासी राधिका साहू अपने परिवार के साथ बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने मकान का पिछला दरवाजा खोलकर घर में प्रवेश किया और आलमारी का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात व नकदी चोरी कर फरार हो गए।
CCTV और तकनीकी जांच से आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल और नगरी थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपियों ने इस चोरी के अलावा नगरी क्षेत्र में हुई दो अन्य बड़ी चोरियों और एक मोटरसाइकिल चोरी में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
144 ग्राम सोना, 2 किलो से ज्यादा चांदी बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 144 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण, 2 किलो 167 ग्राम चांदी के जेवर, 11,300 रुपये नकद, मोबाइल फोन, चोरी में इस्तेमाल लोहे का रॉड और एक चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की है।
चोरी का माल खरीदने वाले भी गिरफ्तार
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के सामान को खरीदने और छिपाने में कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। इस मामले में दो आरोपियों को चोरी का माल ठिकाने लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी 8 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

